रामनगर: उपचाराधीन घायल व्यक्ति। झुलसे व्यक्ति को एंबुलेंस में डालकर उधमपुर हॉस्पिटल में शिफ्ट क
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। रामनगर पुलिस स्टेशन के बाहर खंभे पर काम कर रहा निजी कंपनी का अस्थायी कर्मचारी अचानक 11 केवी बिजली का करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजली का जोरदार झटका लगने से वह नीचे गिर गया। उसके साथियों ने उसे तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया, और वहां से जम्मू जीएमसी रेफर कर दिया।
घायल विद्युत कर्मी की पहचान संजय कुमार (30) पुत्र जल्लू राम निवासी क्रिमची मानसर, उधमपुर के रूप में हुई है। इस संबंध में घटनास्थल पर मौजूद ठेकेदार रंगील सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे दो घंटे का शटडाउन लेकर बिजली मरम्मत का काम शुरू किया गया था। इस दौरान उक्त अस्थायी कर्मचारी केबल लाइन डालने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ कर काम कर रहा था। वहां करीब साढ़े 12 बजे उसे अचानक बिजली का झटका लगा और वह झुलसकर नीचे गिर गया।
बताया कि उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे फौरन अन्य साथियों व स्थानीय लोगों की सहायता से उपजिला अस्पताल रामनगर में पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। ठेकेदार ने कहा कि काम दो घंटे का बिजली शटडाउन लेकर शुरू किया था। लेकिन, फिर बीच में ही अचानक बिजली आ गई और यह हादसा हो गया है।
-----
उक्त प्राइवेट कंपनी द्वारा 11 केवी केबल डालने का काम करने के लिए एसई ऑफिस बटोत से 10 से 2 बजे तक का शटडाउन लेने को लिखित आवेदन दिया गया था। इसमें रामनगर फीडर और सत्यालता फीडर की लाइन बंद की गई थी। लेकिन, जिस पीएचई फीडर वाली लाइन पर उक्त कर्मचारी काम कर रहा था, उसके लिए कंपनी ने कोई लिखित आवेदन नहीं दिया था। इसके चलते यह हादसा हुआ।
- तनिश मगोत्रा, जेई, बिजली विभाग