उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर रौन दोमेल इलाके में शुक्रवार शाम को कार व बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब पौने आठ बजे रौन दोमेल इलाके में केंद्रीय विद्यालय नंबर दो स्कूल के पास धार रोड पर तेज रफ्तार कार की बाइक के साथ टक्कर हो गई। इसमें बाइक पर सवार शेर सिंह पुत्र काली दास निवासी रौन दोमेल और सुनील पंडित पुत्र केशो राम निवासी रिट्टी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई। पुलिस ने मामले की भी जांच शुरू कर दी है। संवाद