उधमपुर। शहर के समीपवर्ती गरनई इलाके में बुधवार सुबह सामान से भरा ट्राला बीच हाईवे पर पलट गया। कई पलटे खाने के बाद ट्राला रुक गया, लेकिन अंदर रखा सामान हाईवे पर बिखर गया और ट्राले के भी परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्राले का चालक व सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, राजमार्ग पर एक ट्यूब पर करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही।
जानकारी अनुसार सुबह करीब साढ़े 11 बजे जम्मू से श्रीनगर की तरफ जा रहा ट्रक (एचपी38-0935) गरनई इलाके में अनियंत्रित हो कर राजमार्ग पर पलट गया। कई पलटे खाने के बाद कुछ दूरी पर जाकर ट्रक रुक गया, लेकिन तब तक परखच्चे उड़ गए और अंदर रखा सारा सामान बाहर बिखर गया था। हादसे में ट्राला चालक सुदेश कुमार पुत्र सरदारी लाल और सह चालक संदीप सिंह पुत्र शाम राज दोनों निवासी बसोहली (कठुआ) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने नेशनल हाईवे अथारिटी की एंबुलेंस को मौके पर बुला कर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, हादसे के कारण हाईवे की एक ट्यूब पूरी तरह से बंद हो गई जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सामान से भरे ड्रम राजमार्ग पर बिखर गए।
पुलिस ने क्रेन को मौके पर लाकर ट्रक और सामान को राजमार्ग से हटाया गया। समय गुजरने के साथ राजमार्ग पर वाहनों की कतार भी बढ़ती चली गई थी। सामान को हटाने के बाद जब वाहनों की आवाजाही शुरू हुई तो जाम की स्थिति पैदा हो गई। ट्राले के कंडक्टर ने बताया कि अचानक ट्राले की ब्रेक फेल हो गई और इसी कारण चालक के लिए नियंत्रण रखना मुश्किल हो गया था। वहीं मौके पर मौजूद पविंद्र सिंह ने बताया कि इस हादसे में बहुत ज्यादा जान का नुकसान हो सकता था। जब ट्रक पलटा तो इसके साथ एक टवेरा वाहन चल रहा था। उसके शीशे टूट गए। यात्री वाहन की ट्राले के साथ टक्कर होने पर गंभीर परिणाम हो सकते थे।