जिले की सुरनकोट तहसील के डन्ना शाहस्तार में पांच दिन पहले वायुसेना के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद बुधवार को हमले में शामिल तीन आतंकियों के फोटो सामने आए हैं। इनमें एक पाकिस्तानी सेना का पूर्व कमांडो है। वह कई वर्षों तक पाकिस्तानी सेना, आईएसआई और आतंकी संगठनों की साझा बैट टीम बार्डर एक्शन टीम में काम कर चुका है।
सुरक्षाबलों को आशंका है कि आतंकी राजोरी में भी अपने नापाक इरादों को पूरा करने के लिए आतंकी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन तीन आतंकियों की पहचान लश्कर-ए-तोईबा का पुंछ राजोरी कमांडर अबू हमजा, पाक सेना का सेवानिवृत कमांडो इलेयास फौजी कोड नेम फौजी और हडून यह तीनों पाकिस्तानी निवासी हैं। इनके फोटो सामने आने से एक बार फिर जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ाने में पाकिस्तान के शामिल होने का प्रमाण मिला है।
इन फोटो के आधार पर सुरक्षाबलों ने जल्द ही इन आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। इससे पूर्व पुंछ एवं राजोरी में होने वाले आतंकी हमलों में शामिल किसी भी आतंकी की पहचान नहीं हो पाई थी।
गौरतलब है कि हमलावर आतंकियों में शामिल पाकिस्तान सेना के लोग हो सकते हैं। इन तीन आतंकियों पाक सेना के पूर्व कमांडो इलेयास फौजी के शामिल होने से यह बात साफ हो गई है कि उसी के दम पर घातक हमलों को अंजाम दिया गया है। पाकिस्तानी सेना की तरफ से बैट टीम में शामिल जवानों को क्रूरता करने में भी दक्षता हासिल होती है।