उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा से आतंकी संगठन लश्कर ए ताइबा के दो मददगारों को सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो चीन निर्मित ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुमलर में फिशरी फार्म के पास नाका लगाया गया था। इस दौरान दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से ग्रेनेड बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे लश्कर के लिए काम करते हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।