जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के टंगमर्ग इलाके में बुधवार को एक टूरिस्ट बस के पलट जाने से पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार घायलों में चार पर्यटक और एक स्थानीय चालक शामिल हैं। यह हादसा टंगमर्ग के मुख्य बाजार क्षेत्र में हुआ जो प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग के पास स्थित है। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।