जम्मू-कश्मीर केबल कार कॉर्पोरेशन ने कहा कि गुलमर्ग गंडोला आठ जून तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। पिछले माह आई तकनीकी खराबी के बाद रखरखाव और सुरक्षा जांच जारी है। उस खराबी के कारण तब सैकड़ों पर्यटक हवा में ही फंस गए थे। एक एडवाइजरी में कॉर्पोरेशन ने कहा कि 25 मई से आठ जून के बीच बुक किए गए सभी टिकटों का पूरा रिफंड दिया जाएगा। गंडोला की सेवा 25 मई से ही निलंबित है जब एक तकनीकी खराबी के कारण इसका संचालन बाधित हो गया था और 300 से ज्यादा पर्यटक जमीन से काफी ऊपर केबिन में फंस गए थे। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने सेवाएं रोक दीं और व्यापक तकनीकी समीक्षा शुरू की। इंजीनियर महत्वपूर्ण पुर्जों का निरीक्षण कर मरम्मत तथा रखरखाव का काम कर रहे हैं।