श्रीनगर। बडगाम जिले के क्रालपोरा गांव में आतंकियों ने सीआरपीएफ की गाड़ी पर फायरिंग की। हालांकि, हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सीआरपीएफ के प्रवक्ता अभिराम ने बताया कि शुक्रवार सुबह सीआरपीएफ की 29 बटालियन की गाड़ी पर आतंकियों ने फायरिंग की। हालांकि, जवानों की ओर से कोई भी जवाबी फायरिंग नहीं की गई। अभिराम ने बताया कि सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान भी चलाया। वहीं इससे पहले पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि जब सीआरपीएफ की एक गाड़ी कोविड ड्यूटी के लिए जा रही थी तो क्रालपोरा में शरारती तत्वों ने उनपर पत्थराव किया और उपद्रवियों को भगाने के लिए सीआरपीएफ ने 2-3 हवाई फायर किए थे।