सोनमर्ग में वे ब्रिज के कामकाज की समीक्षा करते परिवहन सचिव। संवाद
गांदरबल। परिवहन विभाग की सचिव अवनी लवासा ने शुक्रवार के सोनमर्ग का दौरा किया। उन्होंने यहां स्थित वेटब्रिज के कार्य संचालन तथा सुविधाओं का जायजा लिया। सचिव के साथ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कश्मीर, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) गांदरबल तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान सचिव ने वेटब्रिज के परिचालन की स्थिति, मानव संसाधन की उपलब्धता तथा बुनियादी ढांचे की पर्याप्तता का आकलन किया। उन्होंने एक्सल लोड मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाया जा सके, ट्रैफिक नियमन सुगम हो, सड़क सुरक्षा बढ़े तथा सड़क बुनियादी ढांचे की रक्षा हो सके। सचिव ने अधिकारियों को वेटब्रिज संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, अंतर-विभागीय समन्वय में सुधार लाने तथा विशेष रूप से पर्यटकों की अधिक आमद और उच्च ट्रैफिक अवधि के दौरान सुविधा के चौबीस घंटे कार्यरत रहने के निर्देश दिए। संवाद