- पीएचई डिवीजन हंदवाड़ा के खिलाफ फूटा गुस्सा, पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
हंदवाड़ा। पालपोरा, मगाम के लोगों ने शुक्रवार को पीएचई डिवीजन हंदवाड़ा के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि काफी समय से घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें पीने के लिए असुरक्षित पानी इस्तेमाल करने पर मजबूर किया जा रहा है जिससे स्थानीय आबादी के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत साफ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस मामले को बिना किसी देरी के हल किया जाएगा।