श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला तथा पार्टी के उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सिख समुदाय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संयुक्त संदेश में दोनों नेताओं ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण विश्व को मानवता, अहिंसा, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को इस बात पर गर्व है कि इस क्षेत्र के विभिन्न समुदायों ने सदियों से आपसी भाईचारे की भावना को कायम रखा है और कठिन परिस्थितियों में भी एक-दूसरे के सुख-दुख को साझा करते हुए हमेशा साथ खड़े रहे हैं। संवाद