श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने नेशनल डॉक्टर्स डे पर अपने संदेश में डॉक्टरों के बहुमूल्य योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों की सेवा और सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा में उनके निस्वार्थ प्रयासों को सराहा। चिकित्सा जगत को श्रद्धांजलि देते हुए डॉ. फारूक ने कहा, नेशनल डॉक्टर्स डे हमारे समाज के उन गुमनाम नायकों - डॉक्टरों - के अपार योगदान को मान्यता देता है, जो मानवता की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। यह उनके निरंतर समर्पण और मरीजों की देखभाल में किए गए त्याग को सराहने का अवसर है, जो अक्सर बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जाता है। हम सभी के लिए चिकित्सा जगत के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिनमें से कई ने मुश्किल समय में बिना रुके अथक सेवा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी सेहत और भलाई को जोखिम में डाला कि उनके मरीजों को सर्वोत्तम संभव देखभाल मिले। ब्यूरो