पुलवामा। डीसी डॉ. बशारत कयूम ने बुधवार को प्रशासनिक परिसर, पुलवामा में नार्को समन्वय केंद्र की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत चल रहे नशा विरोधी अभियान के कार्यान्वयन, एनडीपीएस मामलों की स्थिति और जिले भर में किए जा रहे विभिन्न प्रवर्तन व निवारक उपायों की समीक्षा की गई। शुरुआत में संबंधित अधिकारियों ने 100-दिवसीय गहन नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत की जा रही गतिविधियों पर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों में पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के अलावा रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी के उद्देश्य से की गई पहलों पर प्रकाश डाला गया। पंचायतों में आयोजित की जा रही जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए डीसी ने सहायक आयुक्त पंचायत को सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों को और तेज करने तथा अधिकतम पहुंच व सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायतों के भीतर विभिन्न स्थानों पर कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। संवाद