लेह। पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने रिहाई के बाद अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए लद्दाख के मुद्दे पर एकजुटता बनाए रखने की अपील की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में रविवार को वांगचुक ने लोगों को उनके, गीतांजलि आंगमो और लद्दाख के साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे छह महीनों का कठिन दौर बताते हुए कहा कि उनका फोन सहित कुछ सामान अभी भी हिरासत में है और वे धीरे-धीरे सामान्य जीवन में लौट रहे हैं। इस अवधि को अन्यायपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि वे गुस्से और कटुता से दूर रहकर रचनात्मक संवाद पर ध्यान देना चाहते हैं। सरकार की ओर से आपसी विश्वास और सार्थक संवाद की बात का उल्लेख करते हुए उन्होंने सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ने की उम्मीद जताई। उन्होंने दोहराया कि उनका संघर्ष व्यक्तिगत नहीं था बल्कि लद्दाख के लिए छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली के लिए था। वांगचुक ने कहा कि वे अगले दौर की वार्ता का इंतजार कर रहे हैं और लोगों से इस मुद्दे पर अपना समर्थन जारी रखने की अपील की। संवाद