श्रीनगर। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना और उसके कैंपस के स्थान को लेकर स्पष्टता की कमी ने जम्मू-कश्मीर में लोगों के बीच भ्रम और चिंता पैदा कर दी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने सरकार से मांग की है कि इस भ्रम को दूर करने के लिए स्पष्ट और बिना किसी अस्पष्टता वाली संशोधित गजट अधिसूचना जारी की जाए। एक्स पर पोस्ट करते हुए कर्रा ने कहा कि एनएलयू को लेकर सरकार की घोषित स्थिति को दर्शाने वाली स्पष्ट अधिसूचना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की स्थापना और कैंपस के स्थान को लेकर बनी असमंजस की स्थिति से लोगों में बेचैनी बढ़ रही है, जिसे सरकार को जल्द खत्म करना चाहिए।