शोपियां। जिले के कीगाम और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने सेब बागों को भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक बदले मौसम से बागवानों में चिंता है, क्योंकि फल विकास के मौजूदा चरण में नुकसान का असर सीधा उत्पादन पर पड़ेगा। स्थानीय लोगों और बागवानों के मुताबिक तेज हवाओं और ओलों से बड़ी मात्रा में फल और पेड़ों की शाखाएं टूट गईं। कई बागों में तैयार हो रही फसल बर्बाद हो गई है। बागवानों का कहना है कि इस समय हुआ नुकसान पूरे सीजन की मेहनत पर पानी फेर सकता है। तेज हवाओं से कीगाम में एक सदियों पुराना चिनार का पेड़ उखड़कर हनफिया जामिया मस्जिद पर गिर गया। इससे मस्जिद की छत को आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ। प्रभावित बागवानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर तत्काल मुआवजा और मदद देने की अपील की है। उनका कहना है कि खराब मौसम से हुए नुकसान की भरपाई के बिना कई परिवार आर्थिक संकट में आ जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से अपील की है कि भविष्य में मौसम संबंधी घटनाओं और कमजोर पेड़ों से होने वाले खतरों को कम करने के लिए पहले से रोकथाम के उपाय किए जाएं।