गांदरबल में नष्ट की अफीम की खेती।
- फोटो : ganderbal news
गांदरबल। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस थाना लार के तहत वंधामा गांव में रूटीन गश्त के दौरान पुलिस ने अफीम की खेती का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया। ऑपरेशन के दौरान पुलिस को जमीन के एक टुकड़े पर अफीम के पौधे उगे मिले। शुरुआती जांच में पता चला कि यह जमीन मुजफ्फर अहमद कौल निवासी वंधामा के कब्जे में है। आरोप है कि उसने ही प्रतिबंधित फसल की खेती की थी। इस मामले में पुलिस थाना लार में एफआईआर दर्ज कर मामले की आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोहराया है कि वह नशे के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस से साझा करें ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।