पहलगाम। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में इन दिनों पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है। खासकर लिद्दर नदी में राफ्टिंग आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। विभिन्न राज्यों से आने वाले सैलानी साफ, शांत और ठंडे पानी में राफ्टिंग का आनंद ले रहे हैं। उनका कहना है कि लिद्दर नदी का स्वच्छ पानी, प्राकृतिक सुंदरता और चारों ओर फैली हरियाली उन्हें अलग ही सुकून का अहसास कराती है। गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक आने से होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े कारोबार में तेजी आई है। पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा तथा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।