कुलगाम। जिला पुलिस ने जिलेभर में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। पुलिस की टीमें कबाड़ी की दुकानों, सिम कार्ड विक्रेताओं, वर्कशॉप, खाद दुकानों और रसायन दुकानों के रिकॉर्ड की जांच और भौतिक निरीक्षण कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वाहनों की खरीद-बिक्री, सिम कार्ड जारी करने, खाद और रसायनों के भंडारण एवं परिवहन का कार्य मौजूदा नियमों के अनुसार ही किया जा रहा है। पुलिस की तरफ से आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना को रोका जा सके। कुलगाम पुलिस ने सभी व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें।