बारामुला। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट उड़ी ने पहाड़ी कटाई कार्य के चलते 4 और 11 अक्तूबर को उड़ी नेशनल हाईवे को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है। 53 आरसीसी (ग्रिफ) के ऑफिसर कमांडिंग की ओर से पहाड़ी कटाई कार्य के लिए अस्थायी बंदी के अनुरोध के आधार पर उड़ी नेशनल हाईवे को अस्थायी रूप से बंद करने की अनुमति दी गई है। स्थानीय लोगों, यात्रियों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को सलाह दी गई है कि बंदी की अवधि के दौरान बांडी-परनपिल्लन-डाची के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। आदेश में आगे कहा गया है कि सरकारी कार्यालयों के कार्य दिवसों में सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक और दोपहर 3:30 बजे से 5:00 बजे तक कोई भी पहाड़ी कटाई कार्य नहीं किया जाएगा। कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि वह उक्त समय के दौरान सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रखना सुनिश्चित करे और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे।