जम्मू/लेह। देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में वायुसेना की ओर से खारदुंग ला से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली तक रविवार को साइकिल यात्रा निकाली गई। वायु सेना स्टेशन लेह से एयर कमोडोर पीके श्रीवास्तव ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रियों की टीम में वायु सेना के विभिन्न प्रतिष्ठानों के 20 वायु सैनिक शामिल हैं जिनका नेतृत्व कैप्टन एपी मेनेजेस कर रहे हैं। टीम 15 दिनों में 1100 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। 15 अगस्त को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर यात्रा का समापन होगा, जहां वायु सैनिक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। वायु सैनिकों का अभियान दल हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करने से पहले चार प्रमुख दर्रों टैंग लांग ला, नकी ला, बारालाचा ला और लाचुंग ला को पार करेगा और फि र पंजाब के मैदानी इलाकों से नई दिल्ली की ओर बढ़ेगा। यह अभियान स्कूली बच्चों में देशभक्ति की भावना को भी बढ़ावा देगा, जिनके साथ वे रास्ते में बातचीत करेंगे।