कुलगाम। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के क्योमोह इलाके के रामपोरा गांव में शनिवार की रात शुरू हुई मुठभेड़ में आतंकी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। दो से तीन आतंकियों को सुरक्षा बलों ने घेर रखा था। शुरूआती फायरिंग के बाद दूसरी ओर से गोलियां चलनी बंद हो गई। सुरक्षा बल उजाला होने पर ऑपरेशन दोबारा शुरू करने का इंतजार कर रहे थे। इस बीच आतंकी अंधेरे में मौके से निकल भागे। सुबह सुरक्षा बलों की ओर से फायरिंग के बाद भी जब दूसरी ओर से कोई हलचल नहीं हुई तो तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पता चला कि आतंकी मौके से भाग निकले हैं। इसके बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का सुराग नहीं लगा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अभियान खत्म कर दिया।