श्रीनगर। शहर के लाल बाजार इलाके में पुलिसकर्मियों पर आतंकी हमले की विभिन्न राजनीतिक दलों ने निंदा की है। नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ, जिसमें एएसआई मुश्ताक अहमद ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवा दी और दो अन्य घायल हो गए। ट्वीट किया कि एएसआई मुश्ताक के परिवार के प्रति मेरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने हमले को वीभत्स बताया। पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि फिर दहशत पर दहशत। एक बहादुर पुलिस अधिकारी की मौत की दुखद खबर। मेरी संवेदना मृतक के परिवार के साथ है। अपनी पार्टी प्रमुख अल्ताफ बुखारी ने हमले को बर्बर बताया। माकपा नेता एम वाई तारिगामी ने कहा कि श्रीनगर के लाल बाजार में आतंकवादी हमले में एएसआई मुश्ताक अहमद की हत्या के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। मारे गए अधिकारी के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।