श्रीनगर। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एनओसी जारी करने के लिए शिकायतकर्ता से 1.05 लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में जम्मू-कश्मीर राज्य औद्योगिक विकास निगम (सिडको), श्रीनगर के स्टेट मैनेजर फैयाज अहमद खान को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि एसीबी को श्रीनगर के सुत्रशाही निवासी एक शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि उनकी इकाई श्रीनगर के खोनमुह में स्थित है। इकाई के विस्तार के लिए उन्होंने जम्मू-कश्मीर बैंक खोनमुह से वित्तीय सहायता का अनुरोध किया था। बैंक ने सनत घर बेमिना स्थित सिडको से एनओसी मांगी है, लेकिन एनओसी जारी के बदले में फैयाज ने अपने लिए 5,000 रुपए और जनरल मैनेजर (के) खुर्शीद अहमद के लिए 1 लाख रुपए की मांग की। इस पर कार्रवाई करते हुए एसीबी ने फैयाज को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।