श्रीनगर। जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के चेयरमैन और अलगाववादी नेता यासीन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रीनगर में बाजार खुल गए। हालांकि, जेकेएलएफ का गढ़ माने जाने वाले मायसूमा इलाके में शुक्रवार को भी बंद का असर दिखा। यहां दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। मायसूमा में यासीन मलिक का घर है और यहां पर उसके कई समर्थक रहते हैं। ऐसे में यहां सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए गए। जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़कने की संभावना को ध्यान में रखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बता दें कि सुबह पहले मायसूमा के साथ साथ लाल चौक, हरी सिंह हाई स्ट्रीट, आदि बाजार भी बंद थे लेकिन बाद में वो सभी बाजार खुल गए।