श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने श्रीनगर में सेल्स टैक्स विभाग के एक इंस्पेक्टर को तीन लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खालिद बशीर तांत्रे (श्रीनगर) के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि सेल्स टैक्स इंस्पेक्टर खालिद बशीर जुर्माने के एक मामले को निपटाने के लिए तीन लाख रुपये मांग रहा है। शिकायतकर्ता जो एक व्यवसायिक इकाई चला रहा है, उस पर सेल्स टैक्स विभाग ने 14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। उक्त इंस्पेक्टर ने विभाग की आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट से संबंधित रिकॉर्ड को सही करने के लिए रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर एसीबी ने जांच के लिए टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए खालिद बशीर को शिकायतकर्ता से तीन लाख रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के घर पर भी तलाशी ली गई है। मामले की जांच जारी है।