श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट ने पत्रकार की मौत मामले में नए सिरे से जांच की याचिका पर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। सरकार को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने को कहा गया है। पत्रकार मदस्सिर अली की नवंबर 2020 में मौत हो गई थी। मुदस्सिर के भाई जहांगीर अली ने याचिका में कहा है कि उनके भाई की मौत चरार-ए-शरीफ उपजिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से हुई थी। समय पर स्ट्रेचर नहीं दिया गया। जरूरत पड़ने पर जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं। लापरवाही न होती तो उनके भाई की जान बचाई जा सकती थी। जहांगीर ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देकर कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार इस मामले में दोबारा जांच की जानी चाहिए।