श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के हुमहामा इलाके में स्थित कोविड केयर सेंटर में सीआरपीएफ के एक कोरोना पॉजिटिव जवान ने कथित तौर पर आत्महत्या की। जानकारी के अनुसार जवान की पहचान सीआरपीएफ की 43 बटालियन के तबियार भरत भाई के रूप में हुई है, जो गुजरात राज्य के साबरकांठा जिले के रहने वाले थे। मृतक जवान पिछले एक सप्ताह से कोरोना पॉजिटिव था और उसे कोविड केयर सेंटर हुमहामा में भर्ती कराया गया था, लेकिन बुधवार शाम को वह मृत पाया गया और माना जा रहा है कि शायद उसने आत्महत्या की है। हालांकि सीआरपीएफ के अधिकारियों द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।