श्रीनगर-शोपियां। जिले में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ रविवार को बड़े उत्साह के साथ किया गयाद। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना और देशभक्ति व राष्ट्रीय गर्व की भावना को बढ़ावा देना है। मुख्य कार्यक्रम सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शोपियां में आयोजित किया गया। अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ आए और तिरंगे के प्रति सम्मान जताते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्कूलों और स्थानीय संस्थानों ने भी अभियान के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जाकिर हुसैन फाज ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा पहल नागरिकों और राष्ट्र के बीच के बंधन को मजबूत करने में मदद करती है। यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है और हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि वह एकता और अखंडता के मूल्यों को बनाए रखे। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।