कुपवाड़ा। जिले के लंगेट कस्बे के चक तुलवारी में एक गोशाला में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक आग रात करीब 9:30 बजे मोहम्मद अल्ताफ लोन की गोशाला में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आग की घटना की जानकारी मिलते ही लंगेट कैंप के सेना के जवान, पुलिस चौकी लंगेट और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग में किसी गोवंश की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों ने सेना और पुलिस कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की। संवाद