बारामुला। कृषि मंत्री जाविद अहमद डार ने रविवार को रफियाबाद निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री ने सरकारी हाईस्कूल हमन कंडी में बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। उन्होंने बारामुला के मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि वे शिक्षण स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता और मिड-डे मील योजना के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करें। मंत्री ने तनमुला गांव का दौरा कर सड़क निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्धारित गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चटोसा का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समन्वित तरीके से काम करने और स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण के क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान बारामूला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बारामूला के मुख्य शिक्षा अधिकारी, बारामूला के जिला समाज कल्याण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मंत्री के साथ थे।