पुलिस ने बारामुला के सोपोर में हिजबुल मुजाहिदीन के हैंडलर की 16 मरले जमीन कुर्क की है। आरोपी गुलाम मोहम्मद भट उर्फ हैदर निवासी रोहामा रफियाबाद, पाकिस्तान से आतंकी गतिविधियां चला रहा है। हैदर पर थाना पांजला में एफआईआर दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच में पता चला कि हैदर हथियार व गोला-बारूद का प्रशिक्षण लेने अवैध रूप से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर चला गया था। वह हिजबुल के लिए काम कर रहा है। कोर्ट ने उसे सीआरपीसी की धारा 88 के तहत अपराधी घोषित कर दिया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी की डेंगुरत रोहामा में छह मरला व रेशिनार रोहामा में 10 मरला जमीन कुर्क की है।