कुलगाम। दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में पीडीपी के एक नेता के घर पर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। हालांकि, निशाना चूक जाने से ग्रेनेड फटा नहीं और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि अशमुजी गांव में आतंकियों ने पीडीपी के ब्लाक अध्यक्ष फारूक अहमद राथर के घर पर ग्रेनेड दागा। इस दौरान ग्रेनेड गिरकर फटा नहीं। घटना के तत्काल बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर ग्रेनेड को निष्क्रिय किया। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना को छोड़कर पूरे कश्मीर में शांति रही।