अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तर भारत में घने कोहरे की वजह से शनिवार को हवाई यातायात बाधित रहा। इससे श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं। खराब विजिबिलिटी और दिल्ली, अमृतसर व कोलकाता सहित डिपार्चर प्वाइंट्स पर 11 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं इंडिगो की एक उड़ान श्रीनगर से ऑपरेशनल वजह से निरस्त हुई। छह उड़ानें खराब मौसम की वजह से और चार उड़ानें ऑपरेशनल वजह से देरी से संचालित हुईं। श्रीनगर में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाली एयरलाइंस में इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट शामिल थीं। इस बीच एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि पूरे उत्तर भारत में एयरपोर्ट ऑपरेशन में रुकावटें जारी रह सकती हैं। यात्रियों से रियल-टाइम अपडेट के लिए अपनी एयरलाइंस से जुड़े रहने का आग्रह किया गया है।