बारामुला। आवामी एकता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता इनाम उन नबी ने सोमवार को सांसद इंजीनियर रशीद द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखे पत्र का उल्लेख किया। इसमें बारामुला में अपने कर्तव्याें का पालन करते हुए पहाड़ी से गिरकर जान गंवाने वाले दो पोर्टर्स के परिवारों के लिए मुआवजा और पुनर्वास की मांग की गई है। प्रवक्ता ने कहा कि सांसद ने रक्षा मंत्री का ध्यान चंदोसा बारामुला के निवासी दो पोर्टर लियाकत अहमद दीदार और रियाज अहमद खटाना गुज्जर सेक्टर में पहाड़ी से गिरकर अपनी जान गंवा बैठे। सांसद ने कहा है कि रक्षा मंत्रालय को पोर्टर्स के लिए एक उचित नीति बनानी चाहिए और जो लोग कठिन इलाके, ऊंचाई और कठोर परिस्थितियों में बलों के साथ काम करते हुए जान गंवाते हैं उन्हें अग्निवीर के समान माना जाना चाहिए। सांसद ने मांग की है कि मारे गए दोनों पोर्टर्स के परिजन को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। संवाद