जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक के राजिंद्रा ने शनिवार को जम्मू कश्मीर पुलिस (जेकेपी) की सराहाना करते हुए कहा कि जेकेपी राज्य के लोगों में सुरक्षा की भावना लाने में कामयाब रही है। वह डीपीएल गांदरबल में जेकेपी के अधिकारियों और जवानों को पुलिस दरबार के दौरान संबोधित कर रहे थे।
राजिंद्रा ने कहा कि जवानों और अधिकारियों ने अपनी ड्यूटी निभाते समय अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने अपनी जान पर खेलते हुए अपनी ड्यूटी निभाई है। लोगों की सेवा करना जेकेपी की पहली प्राथमिकता है। राजिंद्रा ने कहा कि पुलिस न सिर्फ राज्य में चुनाव कराने में सफल रही है बल्कि अमन और कानून की स्थिति बनाए रखने के अलावा आतंक विरोधी कार्य भी अच्छे से निभाए हैं।
इसके बाद राजिंद्रा ने 26 मई को गांदरबल जिले में होने वाले मेला क्षीर भवानी के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मेले को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी तैयारियों से अवगत कराया। राजिंद्रा ने ट्रैफिक व्यवस्था को सही रखने को कहा ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में आईजीपी एसजेएम गिलानी, एजी मीर, जगजीत कुमार और जेपी सिंह, डीआईजी (सीकेआर) जीएच भट, डीआईजी सीआरपीएफ (उत्तरी कश्मीर), एसपी गांदरबल इम्तियाज इस्माइल परे, डीसी गांदरबल शौकत एजाज भट और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।