दिल दहला देने वाली एक घटना में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई) ने शुक्रवार देर रात पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुदकुशी की कोशिश भी की जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों पति-पत्नी जम्मू के रहने वाले हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले में गुस्से में आकर एक पुलिस अधिकारी ने अपनी पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी मारने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर पुलिस के पीएसआई दीप सिंह जो उत्तरी कश्मीर जिले के कंडी इलाके में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) कैंप में तैनात थे, की शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी भावना जम्वाल से कहा-सुनी हो गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान दीप सिंह ने गुस्से में आकर पत्नी पर गोली चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधिकारी ने खुद को भी गोली मार ली और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को पहले दृग्मुल्ला स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां से बाद में उन्हें श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स) में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दीप सिंह पहले सेना में कार्यरत था। हाल ही में उसने बतौर पीएसआई पुलिस में ज्वाइन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो घटना कंडी एसओजी कैंप में देर रात 12-1 के बीच हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।