बांदीपोरा। जिले की जेके बैंक शाखा सदरकूट बाला पर बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली बिलों को जमा करने में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं के अनुसार उन्होंने पिछले तीन महीनों से नियमित रूप से उक्त जेके बैंक शाखा में अपने बिजली शुल्क का भुगतान किया है। समय पर भुगतान किए जाने के बावजूद उनके अगले मासिक बिजली बिलों में वही बकाया बिजली शुल्क बार-बार दिखाई दे रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि दी गई बिजली के बिलों की राशि आने वाले बिलों में बार-बार दिखाई दे रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने बैंक के कैशियर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जमा की गई राशि को संबंधित विभाग में स्थानांतरित करने के बजाय व्यक्तिगत उपयोग के लिए रख लिया गया है। जब इस बारे में बैंक के शाखा प्रबंधक से संपर्क किया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। संवाद