अनुच्छेद 370 हटने के चार साल में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। 2023 में घाटी में मारे गए आतंकियों की संख्या में पिछले साल की तुलना में 78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। अकेले जुलाई महीने में 27 आतंकियों को मार गिराया गया। इसमें 19 पाकिस्तानी आतंकी थे। कई कमांडरों को मार गिराया गया। अब घाटी में कमांडर नहीं रह गए हैं और न ही आतंकी संगठनों के पास कैडर।
वर्ष 2022 में सुरक्षाबलों को 78 मुठभेड़ों में कुल 130 आतंकी ढेर करने में सफलता मिली। इनमें 36 पाकिस्तानी आतंकी थे, जबकि 94 स्थानीय। इस वर्ष मारे गए आतंकवादियों में पाकिस्तान का हाफिज भाई, तल्हा यासिर, बाबर भाई, कफील बाहरी उर्फ छोटू, मंजूर उर्फ हैदर, कमाल भाई उर्फ जट्ट, मोहम्मद भाई उर्फ अबू कासिम, अबू अर्सलान उर्फ खालिद, जमील पाशा उर्फ उस्मान चाचू, सुलतान पठान, जबीउल्लाह, अबू हुजैफा उर्फ हक्कानी, हैदर, हनीफ भाई, अली भाई, शाह वली, अबू हनजाला, तुफैल अहमद, अब्दुल्ला गोजरी शामिल थे।
कुछ स्थानीय टॉप कमांडर भी मारे गए जिनमें जैश का चीफ जाहिद वानी, लश्कर का इरफान अहमद शेख, लश्कर कमांडर निसार हसन डार उर्फ मुसैब और यूसुफ कान्ट्रू, अल-बद्र का एजाज हाफिज और शाहिद अय्यूब, हिज़्ब का सबसे पुराना सक्रिय आतंकी 57 वर्षीय अशरफ मौलवी (वर्ष 2013 से सक्रिय) शामिल थे। बता दें कि अशरफ मौलवी को पहलगाम के श्रीचंद टॉप पर अन्य आतंकवादियों सहित मार गिराया गया था जो अमरनाथ यात्रा रूट के करीब था।
वर्ष 2021 में भी आतंकियों का प्रहार जारी, 182 आतंकी ढेर, 23 टॉप कमांडर शामिल
5 अगस्त, 2019 के बाद से लगातार आतंकवादियों पर सुरक्षाबलों का प्रहार जारी रहा। चाहे वो एलओसी या फिर घाटी का आंतरिक इलाका सुरक्षाबलों को हर फ्रंट पर कामयाबी हाथ लगी। वर्ष 2021 में सुरक्षाबलों ने विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान कुल 182 आतंकियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। सुरक्षाबलों ने पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड और जैश के टॉप आतंकी मोहम्मद इस्माइल अल्वी उर्फ लंबू उर्फ अदनान को त्राल के नागबेरन-तारसर जंगल क्षेत्र में मार गिराया।
वह आईईडी एक्सपर्ट था। 23 टॉप आतंकी कमांडरों में लंबू के अलावा, आतंकी संगठन अल-बद्र का सरगना गनी ख्वाजा, लश्कर-ए-ताइबा का टॉप आतंकी मुदासिर पंडित, खुर्शीद मीर और एक विदेशी आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू असरार, लश्कर-ए-ताइबा कमांडर अबू हुरैरा, लश्कर-ए-ताइबा का टॉप कमांडर इशफाक डार उर्फ अबू अकरम आदि शामिल हैं।