जम्मू। शहर की पाश कालोनी छन्नी हिम्मत के सेक्टर सात में एक कबाड़ खाने में विस्फोट से एक विदेशी श्रमिक की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत तीन बच्चे घायल हो गए। मृतक की पहचान श्रमिक सैफुल्ला निवासी म्यांमार की गई है। वह कुछ समय से छन्नी हिम्मत में ही परिवार सहित रह रहा था। घायलों की पहचान शहनाज उसकी बेटी टीपू और दो बेटे सोहेल और इमरान हुई है। महिला और बच्चे विस्फोट के समय घर के बरामदे में थे। कबाड़खाने के मालिक शाहिद अली का कहना है कि वह घर पर नहीं था। कबाड़खाने में क्या सामान पड़ा था और किस चीज में विस्फोट हुआ है इसकी जानकारी नहीं है। बताया जा रहा है कि विस्फोट काफी शक्तिशाली था। पुलिस ने आईईडी विस्फोट से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक लैब विशेषज्ञों और बम निरोधक दस्ते द्वारा भी घटनास्थल की जांच की गई है। लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्राथमिक जांच में मार्टार अथवा पुराने शेल में विस्फोट होने की बात सामने आ रही है। वीरवार सुबह करीब 11 बजे शाहिद के घर के पिछवाड़े कबाड़खाने में सैफुल्ला कबाड़ खंगाला जा रहा था। वह पांच सालों से कबाड़ी शाहिद अली के पास काम करता था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अखबार के एक पेज में से शेल लिपटा मिला। सैफुल्ला ने तांबा निकालने की कोशिश की, इसी दौरान उसमें विस्फोट हो गया। इसमें सैफुल्ला की मौत हो गई। जबकि घर के बरामदे में बैठे शहनाज और उसके तीन बच्चे घायल हो गए। एसपी साउथ राहुल मलिक टीम के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतक और घायलों को जीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया।