श्रीनगर (ब्यूरो)। शेरे कश्मीर शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की पुण्यतिथि पर आज उनको याद किया गया। वैसे तो उनको याद करने के लिए राज्य भर में कई समारोह आयोजित हुए, लेकिन मुख्य कार्यक्रम दरगाह हजरत बल में स्थित उनकी मजार पर हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केन्द्रीय मंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला तथा पार्टी के कई दूसरे नेताओं के अलावा आम लोगों ने भी भाग लिया। मजार पर फतेह बढ़ी गई। उनके कार्यों को याद किया गया। नेताओं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी मजार पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। देश के विकास तथा शांति के लिए भी इस मौके पर प्रार्थना की गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मजार पर आए पार्टी समर्थकों से भी मिले तथा उनसे बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि शेर कश्मीर के बताए हुए रास्ते पर चलना ही उनके लिए सही श्रद्धांजलि होगी। शेख साहब ने राज्य में हमेशा सभी धर्मों की एकता के लिए काम किया। राज्य में उनके द्वारा किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने लोगों से एकता तथा आपसी भाईचारे को बनाए रखने की भी अपील की। केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भी इस मौकों लोगों से बात की।