थन्नामंडी क्षेत्र में
हुआ हादसा, हरियाणा से कश्मीर जा रही थी पोल्ट्री
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जिले के थन्नामंडी क्षेत्र में मुगल रोड पर शनिवार को हरियाणा से कश्मीर जा रहा पोल्ट्री मुर्गियों से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में लदी 1000 से अधिक पोल्ट्री मुर्गियों (चूजे) की मौत हो गई, जबकि वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक हरियाणा से पोल्ट्री मुर्गियां लेकर मुगल रोड के रास्ते श्रीनगर जा रहा था। थन्नामंडी के समीप ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे का कारण बताते हुए बॉर्डर रोड्स आर्गनाइजेशन की कथित लापरवाही का आरोप लगाया है।
हादसे की सूचना मिलते ही थन्नामंडी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन की तकनीकी हालत तथा चालक के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस दुर्घटना में बड़ी संख्या में पोल्ट्री मुर्गियों के मारे जाने से वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।