गठबंधन सरकार के दो मंत्रियों ने शनिवार को शहर का दौरा कर सभी वायदे पूरे करने का जनता को भरोसा दिलाया।
उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के कैबिनेट मंत्री चौरी जुल्फीकार अली और ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री अब्दुल हक ने शहर के डाक बंगले में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की नई गठबंधन सरकार केवल जनता के हित की सरकार है।
विशेष कर जम्मू कश्मीर राज्य मेें भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाना और हर काम में पारदर्शिता लाना पीडीपी- भाजपा गठबंधन सरकार की प्राथमिकता है।
लोगों को अपने काम करवाने के लिए किसी भी अधिकारी को अब रिश्वत नहीं देनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि विकास को बढ़ावा देना और जनता को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने पर भी बल दिया जा रहा है।
वहीं सीएपीडी मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य में अफस्पा हटाने पर कोई बवाल मचाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। जहां-जहां हालात सामान्य होंगे, वहां से अफस्पा हटाया जाएगा।
यदि कभी लगेगा कि हालात बिगड़ रहे हैं तो दोबारा से अफस्पा लगाया भी जाएगा। मंत्री ने कहा कि पीडीपी व भाजपा की चाहे अपने अलग-अलग विचार हों, लेकिन जब दोनों पार्टियों ने गठबंधन सरकार बनाई है तो एजेंडा केवल विकास और भ्रष्टाचार से मुक्ति का है।