संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी में शनिवार को शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर ठंड का एहसास भी हो रहा है। शहर व आसपास के इलाकों के अलावा पहाड़ी इलाकों में सोमवार को तीसरे दिन भी सुबह से शाम तक तेज व मूसलाधार बारिश होती रही।
बारिश से शहर व आसपास के इलाकों में सड़कों व गलियों में जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजोरी की सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति नजर आई। तेज व मूसलाधार बारिश के चलते नदी नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है। वहीं पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ-साथ बर्फ और ओले भी गिरे। बुद्धल, कंडी, दरहाल, थन्नामंडी में तेज व मूसलाधार बारिश और पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी इलाकों में बारिश व बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ी है। लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।