बाढ़ की तबाही के करीब तीन हफ्ते बाद भी कई गांवों में बिजली अपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। शहर के कल्लर, चटयार, सावनी, कालीडाब, मथयानी गांवों में पिछले करीब तीन हफ्तों से बिजली सप्लाई बुरी तरह से प्रभावित है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को जिला प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट किया।
कल्लर स्थित जम्मू-पुंछ नेशनल हाईवे जाम कर प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग, जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरपंच विनोद शर्मा ने बताया कि बाढ़ और बारिश द्वारा तबाही के तीन हफ्ते बाद भी हमें बिजली नहीं मिली है। रात होते ही सभी गांव अंधेरे में डूब जाते हैं।
बिना बिजली के जहां विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है तो वहीं दूसरी तरफ अन्य लोगों को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। सरपंच ने बताया के कई बार जिला प्रशासन और बिजली विभाग से सप्लाई सुचारु करने के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिया गया।
करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के बाद कल्लर चटयारी के एसएचओ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि बिजली सप्लाई सुचारु बनाने के लिए अधिकारियों से बात की जाएगी।