पाकिस्तान द्वारा बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने के खिलाफ कड़ा विरोध प्रकट करते हुए बुधवार को राजोरी में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिष्द और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया। शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
इस अवसर पर बजरंग दल के राज्य उप प्रधान करण ठाकुर ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में सबक सिखाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक पाकिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से नहीं दिया जाता उसे कुछ समझ में नहीं आएगा। बार बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर हमारे जवानों को अपना निशाना बनाने के साथ साथ लोगों को भी मौत के घाट उतारा जा रहा है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को हमेशा के लिए सबक सिखा दिया जाए। अखिल भारतीय विद्यार्र्थी परिषद के जिला संयोजक माणचंद सिंह ने कहा कि खून के बदले खून और गोली के बदले गोली वाली भाषा से ही पाकिस्तान को समझ आएगी।
वहीं उन्होंने पाक द्वारा गोलीबारी में मारे गए भारतीय सेना के जवानों व अन्य नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए मांग की कि मृतकों के परिवार वालों को 10 लाख रुपये और घायलों के परिवार वालों को तीन तीन लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए। ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि वह गोलाबारी में लोगों के घरों में हुए नुकसान की जल्द भरपाई करे। जो लोग अपने घरों को छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर गए हैं, उन्हें हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाए।