जर्जर सड़क से खफा पीजी कालेज के विद्यार्थियों ने बुधवार को सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने सड़क पर टायर भी जलाए।
छात्रों का कहना था कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत शहर के सरकारी पीजी कालेज और जिला अस्पताल को जाने वाली सड़क पर डाली गई तारकोल कुछ माह में ही उखड़ गई है, जिससे आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद हरकत में आए जिला प्रशासन और डीसी ने तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी है। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त वीरजी हांगलू कमेटी के चेयरमैन होंगे, जबकि पीएचई विभाग के एक्सईएन कयूम चौधरी और पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन मजीद वानी सदस्य बनाए गए हैं।
कमेटी को कड़े निर्देश जारी करते हुए डीसी ने कहा कि वह 24 घंटे के अंदर सड़क पर डाली गई तारकोल की जांच कर रिपोर्ट पेश करें। सड़क पर करीब छह माह पहले पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा तारकोल डाली गई थी। कुछ माह बाद ही तारकोल उखड़ने से सड़क पर बनेे बड़े- बड़े गड्ढों के चलते पैदल चलना भी संभव नहीं था।
इससे खफा विद्यार्थियों ने करीब तीन घंटे सड़क जाम कर जाम कर विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित विद्यार्थियों ने सड़क पर टायर भी जलाए। एडीसी सलीम मलिक पहुंचे और विद्यार्थियों को शांत करवाया।