सुंदरबनी। जम्मू में ओमिक्रॉन के तीन मामले आने के बाद सुंदरबनी में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रशासन की ओर से मास्क पहनने के साथ-साथ बाजारों में ज्यादा भीड़ नहीं जुटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने कोविड टेस्टिंग फिर से बढ़ा दी है, जिसके तहत जम्मू से राजोरी-पुंछ आने वाले हर वाहन में यात्रियों का सुंदरबनी मुख्य चेक पोस्ट (प्रवेशद्वार) पर कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्ति को राजोरी-पुंछ में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। इसके साथ ही सुंदरबनी नगर और उपजिला अस्पताल में भी कोविड-19 टेस्टिंग में तेजी लाई गई है। बीएमओ सुंदरबनी डॉ. मंजूर हुसैन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयार कर ली है, लेकिन क्षेत्र में कोरोना फिर से न पनपे इसके लिए सभी लोगों को सहयोग करना होगा।