पिछले करीब छह माह के बकाया वेतन को जल्द प्रदान करने व आरईटी शिक्षकों के लिए ठोस तबादला नीति बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। रविवार को ऑल जेऐंडके आरईटी फोरम के बैनर तले आरईटी शिक्षकों ने पार्क में प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर फोरम के जिला प्रधान आफताब तांत्रे, जिला सचिव जहांगीर खान सहित भारी संख्या में आरईटी शिक्षकों ने भाग लिया। अध्यक्ष ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार आरईटी शिक्षकों के साथ भेदभाव कर रही है। हमें पिछले करीब छह माह से वेतन नहीं दिया गया।
कुछ दिन पहले शिक्षा मंत्री द्वारा शिक्षकों के लिए नई तबादला नीति बनाई गई, लेकिन उस में आरईटी शिक्षकों को नजर अंदाज किया गया है। 10 से 12 वर्ष से आरईटी शिक्षक एक ही स्कूल में ड्यूटी देते आ रहे हैं। इसके इलावा पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी शिक्षक नियमति होने का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार न शिक्षकों को वेतन प्रदान कर रही है और न ही उन्हें नियमित कर रही है। ऊपर से तबादला नीति में भी आरईटी शिक्षकों को स्थान नहीं दिया गया है। इस प्रकार से सरकार उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर कर रही है।
फोरम के सचिव जहांगीर खान ने कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि आरईटी शिक्षक ही दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यदि आरईटी शिक्षक नहीं होते तो आज पिछड़े इलाकों में बच्चे अनपढ़ ही रहते। वहीं आरईटी शिक्षकों ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही हमारी सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।