सेना ने जिले की मंजकोट तहसील के दूर दराज क्षेत्र के सरकारी स्कूल की छात्राओं और शिक्षकों को पैगाम-ए-अमन टूर पर भेजा है। जानकारी के अनुसार, मंजाकोट स्थित सेना की राष्ट्रीय रायफल बटालियन द्वारा छात्राओं के दल को रवाना किया गया। दल में 23 छात्राएं और दो शिक्षक हैं।
बुधवार को क्षेत्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान रोमियो फोर्स के ब्रिगेडियर पंकज सिंह, अन्य सैन्य अधिकारियों, स्कूल के प्रिंसिपल और छात्राओं के अभिभावकों की उपस्थिति में टूर को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। सात दिवसीय टूर के दौरान उन्हें जम्मू और दिल्ली के कई प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थानों और ऐतिहासिक स्मारकों को देखने का अवसर मिलेगा। वहीं दिल्ली में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति से भी मिलने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर छात्रा नसरीन अखतर ने सेना के प्रति अाभार प्रकट करते हुए कहा कि सेना की मदद से वह पहली बार राज्य से बाहर जा रही हैं। इस टूर से वह बहुत कुछ नया सीखेंगी जो उन्हें आगे की उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता प्रदान करेगा। वहीं इस अवसर पर छात्राओं के अभिभावकों ने इस प्रकार के टूर को छात्राओं के भविष्य के लिए बहुत उपयोगी बताया। इस अवसर पर सेना के कमांडर ने कहा कि इससे छात्राएं देश में अमन और शांति का पैगाम देंगी, साथ ही उन्हें अपने देश की समृद्धि, संस्कृति और विरासत के बारे में भी जानने का अवसर प्राप्त होगा।